जसपुर: चार दिन बाद भी खेतों से बाहर नहीं निकली मादा गुलदार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आसपास के लोग देख रहे हैं रोज 

वन विभाग के पिंजड़ा नहीं लगाने पर लोगों में रोष 

जसपुर, अमृत विचार। गांव पतरामपुर के फार्म हाउस के पास स्थित मक्का की फसल में 2 शावकों के साथ घुसी खूंखार मादा गुलदार चौथे दिन भी बाहर नहीं निकली। उसे वन विभाग पकड़ने का प्रयास नहीं कर रहा है, मादा गुलदार द्वारा हमला किए जाने की आशंका से आसपास के क्षेत्र लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

रविवार को दिन में जसपुर क्षेत्र के गांव पतरामपुर से कुछ दूरी पर स्थित फार्म हाउस के पास स्थित मक्का की घनी फसल में अपने 2 शावकों के साथ एक खूंखार मादा गुलदार घुस आई थी। जिसने मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के दैनिक वेतन भोगी वन कर्मी सुलेमान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना स्थल के आसपास के लोगों ने बताया कि यह खूंखार मादा गुलदार लगातार मक्का की फसल में ही देखा जा रहा है।

जिस कारण लोगों में दहशत बनी हुई है। डरे-सहमे लोग अपने आवश्यक कार्यों से घरों से बाहर जाने के लिए समूह के रूप में दूसरे रास्ते से आवाजाही कर रहे हैं। लोग खेतों में काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि तुरंत इस खूंखार मादा गुलदार को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि वे दहशत से उबर सकें।

गुलदार को पकड़ने के लिए पिजड़ा नहीं लगाने पर लोगों में रोष है।  मक्का की फसल में घुसी मादा गुलदार के साथ उसके 2 शावक होने कारण उसे ज्यादा खूंखार माना जा रहा है। अपने शावकों को सुरक्षित रखने के लिए ही वह मक्का की उक्त घनी फसल से बाहर नहीं निकल रही है।

 

संबंधित समाचार