Haldwani News : 16 पर्वतीय मार्गों पर रोडवेज बसों का संचालन बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम के पर्वतीय मार्गों पर चलने वाली बसों का संचालन बंद होने का सिलसिला साल दर साल बढ़ते जा रहा है। वर्तमान में हल्द्वानी डिपो से चलने वाली 16 पर्वतीय मार्गों पर बसों का संचालन बंद है। इन मार्गों में दूनागिरी, मुक्तेश्वर, पोखरी, चनौती, खनस्यू - पतलोट, लमगड़ा - पौधार, जैंती - जमाड़ - शिमलखेत, बाराकोट, सुनकिया सूपी, भनोली, नैनी - जागेश्वर, रानीखेत, अल्मोड़ा, भटेलिया, ल्वेशाल, हरतोला हैं।
इन मार्गों में वर्तमान में परिवहन निगम की कोई भी बस नहीं चलती है। चनौती मार्ग पर 2 माह से संचालन बंद है वहीं दूनागिरी मार्ग पर लगभग 6 माह, शिमलखेत मार्ग लगभग 1.5 साल तथा पौधार, मुक्तेश्वर और पतलोट सहित अन्य मार्गों पर लगभग बीते 7 - 8 सालों से संचालन बंद है। मुक्तेश्वर, नैनी - जागेश्वर, रानीखेत, अल्मोड़ा सहित अन्य मार्ग भी पर्यटन की दृष्टि से बहुत महत्त्वपूर्ण हैं।
परिवहन निगम के कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में निगम में बड़ी बसों का बेड़ा है जो 50 - 52 सीटर हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्रालय को इन मार्गों के लिए निगम की 34 - 36 सीटर बसें खरीदकर संचालन शुरू करना चाहिए जिससे इन मार्गों पर जाने वाले यात्रियों का आवागमन सुगम होने के साथ ही नए कर्मचारियों की नियुक्ति होने से रोजगार भी उपलब्ध होगा।
परिवहन निगम संयुक्त परिषद् संगठन के क्षेत्रीय मंत्री आन सिंह जीना ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर निगम को राजस्व हानि ( हिल लॉस ) होने पर सरकार वहन करती है। उन्होंने बताया कि नैनीताल रूट पर शाम 6 बजे बाद कोई बस नहीं होने के कारण कई बार यात्रियों को मोटी रकम पर टैक्सी बुक करके जाना पड़ता है साथ ही निगम को भी राजस्व का नुकसान होता है।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: जेल में गैंगरेप की चर्चा, आरोप लगाकर महिला लापता
