Rudrapur News : 50 वर्ग मीटर तक जमीन पर आर्थिक आधार पर मिलेगा मालिकाना हक
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत कई वर्षों से नजूल की जमीन पर रह रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। कारण विगत दिवस कैबिनेट ने 50 वर्ग मीटर तक जमीन पर आर्थिक आधार पर मालिकाना हक मिलने को लेकर मोहर लगा दी है। इस नीति को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। वहीं, नजूल नीति 2021 में संशोधन से हजार गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
शुक्रवार को विधायक शिव अरोरा ने बताया कि हाल ही में पंतनगर में हुई विधानसभा वार समीक्षा बैठक में नजूल नीति में संशोधन विषय को रखा था। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर विकास विभाग को इस पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। वहीं, विगत दिवस हुई कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नजूल नीति संशोधन विषय को लिया।
इसमें 50 वर्ग मीटर तक आर्थिक आधार पर निशुल्क मालिकाना हक मिले इस पर कैबिनेट की मुहर लग गई। इसमें बीपीएल शब्द को समाप्त करते हुए आर्थिक आधार यानी प्रधानमंत्री आवास योजना में जो पात्रता है उसी पात्रता को पूरा करते हुए आर्थिक आधार पर निशुल्क मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हो गया।
उन्होंने बताया कि इस नीति को एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। विधायक अरोरा ने सीएम धामी से उनके देहरादून कार्यालय पर मुलाकात कर आभार जाता। उन्होंने कहा कि नीति में संशोधन से हजारों गरीब परिवारों को इसका निशुल्क लाभ मिलेगा।
साथ ही कई वर्षों से चली आ रही इस ज्वलंत समस्या का समाधान होगा। यहां बता दें कि विधायक अरोरा नजूल की भूमि में रह रहे हजारों परिवारों की लड़ाई लंबे समय से लड़ रहे हैं। जिलाध्यक्ष रहते भी उन्होंने अनेक मंचों के माध्यम से इस मुद्दे को तत्कालीन सीएम के समक्ष जोरशोर से उठाया था।
