Tanakpur News : पूर्णागिरि क्षेत्र के कालिका मंदिर के पास दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को सुबह देश की सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम के नीचे कालिका मंदिर से लगे टेढ़ी पुलिया के पास अचानक एक दुकान में आग लगने से दुकान जलकर राख हो गई। इस घटना से लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना से अफरातफरी मच जाने से पुलिस टीम को मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं को कालिका मंदिर और मां के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को भैरव मंदिर के पास रोकना पड़ा। करीब 3 घंटे तक श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई। 

वहीं, बचाव टीम के 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया जिससे आसपास की दुकानें जलने से बच गई। फिलहाल, आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

शुक्रवार को सुबह करीब 7:30 से 7:45 के बीच मां पूर्णागिरि धाम के नीचे कालिका मंदिर से लगे टेढ़ी पुलिया के पास धाम के पुजारी प्रकाश तिवारी उनके छोटे भाई रमेश तिवारी व भतीजे विपिन तिवारी की संयुक्त दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। 

आनन-फानन में घटना की सूचना मिलने पर भैरव मंदिर थाना प्रभारी हरीश प्रसाद, कालिका मंदिर थाना प्रभारी देवनाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ और फायर टीम, वन विभाग की टीम, राजस्व विभाग की टीम, एसडीआरएफ, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी और आसपास के दुकानदारों ने पानी की व्यवस्था कर आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन दुकान जलकर राख हो गई। 

इस घटना से दुकान में रखी पूजा सामग्री समेत सभी सामान जलकर राख हो गया। इस दुकान में ठहरे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया। आग से करीब दुकान का 25 से 30 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। 

इस घटना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मां पूर्णागिरि धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं को कालिका मंदिर क्षेत्र में और मां के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं को भैरव मंदिर क्षेत्र में करीब 3 घंटे तक रोके रखा। इस समय सरकारी तौर पर पूर्णागिरि मेला संचालित होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन को पहुंच रहे हैं। 

करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानें आग की चपेट में आने से बच गई और एक बड़ा हादसा होने से भी टल गया। इधर, मां श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष और धाम के पुजारी पंडित किशन चंद्र तिवारी ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर वकालत की है।

वहीं, उप जिलाधिकारी व पूर्णागिरि मेला सुंदर सिंह ने बताया कि आग लगने से किसी जनहानि की खबर नहीं है। आग से हुआ नुकसान का आंकलन करवाकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। 

संबंधित समाचार