दिल्ली सेवा सचिव ने मंत्री सौरभ भारद्वाज पर धमकाने का आरोप लगाया, सुरक्षा मांगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। नौकरशाहों और दिल्ली सरकार में बढ़ते मतभेद के बीच आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा हटाए गए सेवा सचिव आशीष मोरे ने आरोप लगाया है कि मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उनसे ‘‘व्यक्तिगत प्रतिशोध’’ लिया है और उन्हें ‘‘बर्बाद करने’’ की धमकी दी है।

आरोपों का जवाब देते हुए भारद्वाज ने कहा कि मोरे का आचरण ‘‘रिकॉर्ड’’ पर है। मोरे ने दिल्ली के मुख्य सचिव को एक रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें दावा किया गया है कि भारद्वाज ने उन्हें धमकी देते हुए कहा, ‘‘मैं तुम्हारा जीवन बर्बाद कर दूंगा। मैं चिराग दिल्ली का निवासी हूं।’’

उन्होंने ‘‘गंभीर खतरे’’ को देखते हुए सुरक्षा मांगी है। गौरतलब है कि ग्रेटर कैलाश से विधायक भारद्वाज चिराग दिल्ली में रहते हैं। मोरे के आरोपों को लेकर भारद्वाज ने कहा, ‘‘अगर वह (मोरे) कहते हैं कि यह शारीरिक हमला था या मैंने बंदूक दिखाई तो इसमें मैं क्या कर सकता हूं।

अधिकारी का आचरण रिकॉर्ड में है। मोरे ने कहा कि वह तबादला आदेश का पालन करेंगे और फिर फरार हो गए तथा उनसे संपर्क नहीं हो पाया।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है और जल्द ही सब कुछ साफ कर दिया जाएगा। पिछले हफ्ते उच्चतम न्यायालय के एक महत्वपूर्ण फैसले में दिल्ली सरकार को अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना सहित सेवा मामलों में कार्यकारी शक्ति दी गई थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद मोरे का तबादला कर दिया गया था।

वहीं, मोरे ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारद्वाज ने उन्हें 16 मई को अपने कार्यालय में बुलाया और उनसे पिछले वर्षों के निर्णयों से संबंधित सभी फाइल के बारे में पूछा। अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘‘इसके अलावा साल 2014 में जारी ‘सिविल सर्विसेज बोर्ड’ (सीएसबी) की अधिसूचना से संबंधित फाइल की मांग भी की गई थी।’’

आईएएस अधिकारी ने यह भी दावा किया कि उनसे एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने को कहा गया लेकिन जब उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया तो , ‘‘मंत्री बेहद नाराज हो गए और मुझ पर चिल्लाना शुरू कर दिया और कहा कि साइन कर, ऐसे कैसे साइन नहीं करेगा... तुझे करना ही पड़ेगा। इसके बाद तेरा कैरियर खत्म। तेरी तो जिंदगी बर्बाद करके रखूंगा। इसी दिल्ली...चिराग दिल्ली का रहने वाला हूं।’’ मोरे ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री ने उन्हें एक घंटे तक अपने कक्ष में बंधक बनाकर रखा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर का भंड़ाफोड, 13 लोग गिरफ्तार 

संबंधित समाचार