बरेली: MJPRU की स्नातक की मुख्य परीक्षाएं आज से होंगी शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक की मुख्य परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो जाएंगी। विश्वविद्यालय ने संस्थागत छात्रों के लिए 247 और व्यक्तिगत छात्रों के लिए 46 केंद्र बनाए हैं। स्नातक और परास्नातक में दो लाख से अधिक संस्थागत और व्यक्तिगत छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय ने छात्रों के संशोधित प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए हैं।

बरेली में संस्थागत के 32 और व्यक्तिगत के नौ केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें बरेली कॉलेज को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। पहले परास्नातक की परीक्षाएं भी 20 मई से शुरू हो रही थीं लेकिन विश्वविद्यालय ने बाद में संशोधन किया। अब यह परीक्षाएं 23 मई से शुरू होंगी। स्नातक की परीक्षाएं 17 जुलाई को समाप्त होंगी, जबकि परास्नातक की परीक्षाएं 15 जून को ही समाप्त हो जाएंगी।

प्रश्नपत्र के लिफाफे पर गलत छपी पाली
बीकॉम तृतीय वर्ष ग्रुप ए पेपर द्वितीय के प्रश्नपत्र के लिफाफे पर पाली गलत छप गई है। इसकी वजह से परीक्षा में दिक्कत हो सकती है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, केंद्राध्यक्षों और नोडल प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह 7 से 10 की पाली में होगी। ऐसे में इसी पाली में परीक्षा कराएं।

उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे उत्तर देखकर परीक्षक हैरान
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। मूल्यांकन के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे उत्तर देखकर परीक्षक हैरान हैं। परीक्षक नकल की संभावना जता रहे हैं। उन्हें न चाहकर भी अंक देने पड़ रहे हैं और चिंता कर रहे हैं कि जिन छात्रों ने मेहनत कर परीक्षा दी उनके परिणाम पर प्रभाव पड़ सकता है।

बीएससी प्रथम सेमेस्टर के एक विषय में परीक्षक ने बंडल खोला तो उसमें 70 कॉपी निकलीं। जब मूल्यांकन शुरू किया तो पाया कि सभी उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे ही उत्तर हैं। सब में सबसे पहले तीन नंबर प्रश्न के ही उत्तर लिखे हैं और सबसे बाद में प्रश्न एक का उत्तर लिखा है। इसके अलावा सभी शब्द भी लगभग एक ही जैसे हैं। शिक्षक ने जब अन्य शिक्षकों से पूछा तो उन्होंने ने भी इस तरह के बंडल मिलने की बात कही, हालांकि किसी ने इसकी शिकायत परीक्षा नियंत्रक से नहीं की।

ये भी पढे़ं- अधिकारियों के आश्वासन पर बरेली कॉलेज के कर्मचारियों ने खोला ताला, हड़ताल को किया स्थगित

 

संबंधित समाचार