Haldwani News : कुमाऊं में सरकारी भूमि से 1,025 अवैध कब्जे हटाए, आईजी ने दिया अतिक्रमण मुक्त का ब्योरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी भूमि से अवैध निर्माण हटाने के निर्देशों के बाद कुमाऊं में सरकारी भूमि से अब तक 1,025 अवैध कब्जे हटाकर 57.5598 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। वहीं, 16,212 बाहरी लोगों का सत्यापन, 1557 का पुलिस एक्ट में चालान कर 6,40,450 रुपये जुर्माना वसूला गया।
शनिवार को कैंप कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में आईजी भरणे ने बताया कि नैनीताल जिले में सरकारी भूमि 17 मजार, 1 मंदिर व 1 समाधि हटाकर 19.0598 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। ऊधम सिंह नगर में 31 क्लस्टर में 38.5 हेक्टेयर भूमि से 590 अवैध कब्जे हटाए गए। चम्पावत में सरकारी भूमि से 116 अवैध कब्जे हटवाए गए। अल्मोड़ा में 1 अतिक्रमण हटाया और अतिक्रमण पर 3 व्यापारियों का चालान किया गया।
उन्होंने बताया कि कुमाऊं में 16212 बाहरी लोगों का सत्यापन हुआ। इनमें अल्मोड़ा में 1671, बागेश्वर में 1188, चम्पावत में 2378, पिथौरागढ़ में 2420, नैनीताल में 4723, ऊधम सिंह नगर में 3832 बाहरी लोगों का सत्यापन हुआ। इनमें कुल 1557 संदिग्धों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान कर 640450 रुपये जुर्माना वसूला गया।
आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि कुमाऊं में नशा तस्करी के अधिकतर मामलों में इनके तस्करों के तार बरेली से जुड़े हुए मिले हैं। इसलिए इन नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए बरेली पुलिस के साथ बॉर्डर मीटिंग की जाएगी। बरेली आईजी रमित शर्मा के साथ नशा तस्करों का डाटा आदान प्रदान करेंगे। साथ ही नशे की कमाई से बनाई संपत्ति पर बुलडोजर चलाने को लेकर ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- Haldwani News : प्रदेश में 55 आईटीआई का संचालन ठप, अनुदेशकों का अभाव, संसाधन की कमी
