प्रयागराज : अशरफ के साले सद्दाम को विदेश से लाएगी पुलिस, जारी हो सकता है Red Corner Notice
प्रयागराज, अमृत विचार। उमेश पाल हत्याकांड मामले में पुलिस अशरफ के साले सद्दाम की भूमिका भी अहम मान रही है। जिसकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है, लेकिन वह दुबई में बैठा है। उसकी दुबई से एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। माना जा रहा है कि अब प्रयागराज पुलिस सद्दाम को विदेश से लाने की तैयारी करेगी। इसके लिए रेड कार्नर नोटिस जारी किया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक़ सद्दाम अतीक के विदेश का कारोबार संभालता था। अतीक के वकील खान सौलत हनीफ ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। अशरफ के साले सद्दाम को लेकर यूपी पुलिस दुबई पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाने में जुट गई है। दुबई पुलिस से संपर्क के लिए यूपी पुलिस गृह मंत्रालय से अप्रोच करेगी। सोशल मीडिया पर सद्दाम की वायरल तस्वीरों की जांच में पुलिस जुट गई है। कई एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अतीक और अशरफ की अवैध कमाई को सद्दाम दुबई में निवेश कराता था।
उमेश पाल की हत्या से पहले सद्दाम ने बरेली जेल में बंद रहे अशरफ की सुख-सुविधाओं के लिए तमाम पुलिसवालों से सेटिंग की थी। सद्दाम की बदौलत ही अशरफ जेल में बेखौफ रहता था। जिससे चाहता मिलता, जो चाहता खाता पीता था। असद समेत अतीक गिरोह के लोग बरेली जेल जाकर घंटों उससे गुफ्तगू भी करते। यह भी कहा जा रहा है कि उमेश पाल की हत्या की पूरी प्लानिंग पर बरेली जेल में ही अंतिम मुहर लगाई गई थी। प्रयागराज पुलिस सद्दाम की फोटो वायरल होने के बाद से और सक्रिय हो गयी है। सद्दाम को विदेश से लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे प्रयागराज लाएगी।
ये भी पढ़ें -हमीरपुर : एकतरफा प्यार में पागल युवक ने चाकू से खुद को किया घायल
