Rudrapur News : पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम बोले- दो हजार का नोट बंद करना मोदी सरकार की विफलता
रुद्रपुर, अमृत विचार। पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा ने कहा कि 40 फीसदी भ्रष्टाचार में डूबी कनार्टक की भाजपा सरकार को वहां की जनता ने करारा जवाब दिया। इसी प्रकार राजस्थान में भी चल रहे एक हजार करोड़ के घोटाला प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए जल्द ही गहलौत सरकार कठोर निर्णय लेगी।
शनिवार को पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखविंदर सिंह रंधावा रुद्रपुर में एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मोदी सरकार ने फिर अचानक दो हजार का नोट बंद करने का फरमान जारी कर कायदे कानून बना दिए हैं। उससे देश की जनता और बचत करने वाली निम्न परिवार की महिलाएं लाइन में खड़ी होंगी, जबकि मोदी सरकार के चहेतों ने काले धन को ठिकाने लगा दिया होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बार-बार देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने पर तुले हैं। उससे प्रतीत होता है कि सरकार अपने निर्णय बिना सोचे समझे लेती है। इस अवसर पर जयपुर राजस्थान के विधायक रफीक खान, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, पुष्कर राज जैन आदि मौजूद रहे।
