बरेली: फोरलेन बना नहीं सके कर रहे सिक्सलेन की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। बरेली-लखनऊ हाईवे पर फोरलेन का काम अभी भले ही पूरा नहीं हुआ हो, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सिक्सलेन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अफसरों का कहना है कि जल्द ही इसके लिए सर्वे शुरू कराया जाएगा।
एनएचएआई से मिली जानकारी के मुताबिक साल 2011 में बरेली-लखनऊ के बीच 250 किलोमीटर फोरलेन हाईवे का निर्माण शुरू कराया गया था। इस दौरान तमाम अड़चनें आईं। कभी कार्यदायी संस्था ने काम करने से इंकार कर दिया तो कई बार समय से बजट नहीं मिल सका। जिसके चलते देरी पर देरी होती चली गई। नतीजतन, फोरलेन का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका। हाईवे पर बरेली से लखनऊ तक रास्ते में पड़ने वाली नदी के ऊपर तीन से चार पुराने टू लेन पुल बने हैं।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक बीपी पाठक का कहना है कि पिछले दिनों मुख्यालय के अधिकारियों से वार्ता हुई थी। जिसमें फोरलेन के अधूरे कार्य पूरे कराने और सिक्सलेन की प्रक्रिया शुरू कराने पर चर्चा की गई। इस पर जल्द ही सर्वे कराने पर सहमति बन गई है। कहा कि बरेली-लखनऊ फोरलेन रोड सिक्सलेन में बदलने से लखनऊ तक का सफर और आसान हो जाएगा। इसके लिए जल्द ही सर्वे कराया जा सकता है।
ये भी पढे़ं- बरेली: गर्मियों की छुट्टी में 22-25 मई तक लगेगा निशानेबाजी का शिविर
