अयोध्या: अब यू डायस पर फीड नहीं किया ब्यौरा तो जायेगी मान्यता, बीएसए ने दिया दो दिन का समय
छात्रों का ब्यौरा यू डायस पर अपलोड करने का मामला
अयोध्या/ अमृत विचार। छात्र-छात्राओं का विवरण यू-डायस पोर्टल पर फीड न करने वाले विद्यालय के खिलाफ अब कार्रवाई होगी। उन्हें दो दिन का समय दिया गया है। बीएसए ने कहा विद्यालय के मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई होगी। इसके लिए प्रबंधक व प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।
बीएसए संतोष कुमार राय ने मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, इंचार्ज प्रधानाचार्य को जारी पत्र में कहा कि यू डायस प्लस 2022-23 के डाटा अपडेशन, इंट्री का कार्य विद्यालय स्तर से पूरा किया जाना है। इसके लिए ब्लाक के खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं। विभागीय पत्रों से चेतावनी, कारण बताओ नोटिस भी जारी किये जा चुके हैं। इसके बावजूद डाटा इंट्री का कार्य पूरा कर बीआरसी पर सूचना नहीं दी जा रही है।
बीएसए का कहना है कि इससे प्रतीत होता है कि जिस विद्यालय की मान्यता ली गई है वह वर्तमान में संचालित नहीं हो रहा है। इस कारण विद्यालय में दाखिला न होने से छात्र छात्राओं का विवरण यूडायस प्लस, एसडीएमएस पोर्टल पर नहीं भरा जा पा रहा है। इसलिए अब अंतिम बार चेतावनी दी जा रही है। यदि विद्यालय संचालित है तो अपने विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं का डाटा निर्धारित बिंदुओं पर शुद्ध रूप से यूडायस पोर्टल पर तत्काल फीड करा दें।
यह भी पढ़ें:-UP Politics: केशव के लिए खून की नदियां बहा देंगे, सैनी समाज के कार्यक्रम में बोले पूर्व मंत्री
