बरेली: साली की शादी में बहनोई ने की हर्ष फायरिंग, पांच घायल

दोनों पक्षों ने किया समझौता लेकिन पुलिस ने खुद दर्ज की रिपोर्ट

बरेली: साली की शादी में बहनोई ने की हर्ष फायरिंग, पांच घायल

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर में साली की शादी में एक व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। मामले में पक्षों के बीच समझौता हो गया। हालांकि पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना में एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना सुभाषनगर के उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 19 मई को वीर भट्टी के पास रहने वाले मदनलाल की बेटी रेनू की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए रेलवे हायर सेकेंड्री स्कूल के सामने सुभाषनगर निवासी डिंपी भी आया था। डिंपी मदनलाल का दामाद है।

बरात जब मदनलाल के दरवाजे पर जा रही थी। इसी दौरान डिंपी ने 12 बोर के शस्त्र से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में मदनलाल पक्ष के मन्नू (15), मिलन (11), नेहा (10), सलोनी (13) और फोटो ग्राफर रूपेश कुमार निवासी नेकपुर गौटिया घायल हो गए। रुपये के पीठ में 32 छर्रे लगे हैं। हालत गंभीर होने पर रूपेश को बदायूं रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां अब उसकी हालत में सुधार है।

किसने की फायरिंग पता नहीं
अस्पताल में भर्ती रूपेश ने बताया कि उन्हें नहीं पता है कि किसने फायरिंग की। वह बरात में फोटोग्राफी कर रहे थे। उसी दौरान किसी ने फायरिंग करना शुरू कर दिया, जिससे उनकी पीठ में छर्रे लगे हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी डिंपी के खिलाफ सबूत जुटा लिए हैं। सबूतों के आधार पर ही पुलिस ने उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दोनों पक्षों ने कर लिया फैसला, पुलिस की रिपोर्ट में फंसेंगे
घटना के बाद मदनलाल के परिजनों ने आनन फानन में गंभीर रूप से घायल रूपेश को निजी अस्पताल में भेज दिया। इसके बाद समझौते का दौर चला। जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, लेकिन हर्ष फायरिंग की बात जब पुलिस को पता चली तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, इसलिए पुलिस जांच में दोनों पक्ष फंसेंगे।

जानकारी होने पर पुलिस ने बरात की वीडियो ग्राफी देखी। जिसमें डिंपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। उसी आधार पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अन्य तथ्य भी जुटा रही है। जल्द ही डिंपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा---वीरेंद्र कुमार सिंह, एसआई सुभाषनगर।

यह भी पढ़ें- बरेली: CHC-PHC के रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जिला अस्पताल में दो दिन देंगे सेवाएं, निर्देश जारी