किच्छा: फोटोग्राफी की दुकान का चैनल तोड़कर सामान चोरी
किच्छा, अमृत विचार। फोटोग्राफी की दुकान का चैनल तोड़कर चोरों ने 60 हजार रुपये का डीएसएलआर कैमरा सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया। ग्राम अलीनगर थाना पुलभट्टा निवासी आरिफ खान ने बताया कि नगर के हकीम जी पुलिया वाली गली में स्थित वशीर मार्केट में उसकी फोटोग्राफी की दुकान है।
आरिफ ने बताया कि 21 मई की रात्रि वह सुंदर बाग मैरिज हॉल में शादी की रिसेप्शन में वीडियोग्राफी करने गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब वह रात्रि करीब एक बजे दुकान पर पहुंचा तो देखा कि चोरों ने दुकान का चैनल तोड़ा था।
दुकान में रखा कैनन कंपनी का डीएसएलआर कैमरा, जेब्रोनिक कंपनी के स्पीकर, कैमरे का अन्य कीमती सामान तथा गल्ले में रखी नकद गायब मिली। पीड़ित दुकान स्वामी ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
