Bareilly: एटीएम में घुसी कार, चालकों ने एक दूसरे पर लगाया आरोप
दोनों कार चालकों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाना बारादरी में दिया शिकायती पत्र
बरेली, अमृत विचार। स्टेडियम रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में कार घुस गई। कार चालक ने दूसरी कार चालक पर लापरवाही से चलाने का आरोप लगाते हुए थाना बारादरी में शिकायती पत्र दिया है। जबकि दूसरी कार चालक ने एटीएम में घुसी कार के चालक पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
इज्जतनगर के उदयन महानगर निवासी धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि 26 अप्रैल रात 10 बजे वह परिवार सहित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। कार उनका चालक शिव औतार चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार उनकी कार से टकराते हुए स्टेडियम रोड स्थित एटीएम में घुस गई।
आरोप है कि कार में कई लोग शराब के नशे में थे। वह लोग कार से उतरे और मारपीट करने लगे। धर्मेन्द्र ने बताया कि मारपीट में उनके भी चोट लगी है। वहीं एटीएम में घुसी कार के चालक हाशिम ने बताया कि वह भोजीपुरा के धौराटांडा का रहने वाला है।
26 अप्रैल की रात 10.30 बजे वह शाहदाना से डेलापीर की ओर जा रहा था। पीछे से आ रही कार ने तेजी से आगे निकली और बिना डिपर दिए कार मोड़ दी। जिसे बचाने के चक्कर में उनकी कार एटीएम में घुस गई। आरोप है कि कार में लोग शराब के नशे में थे। हाशिम ने बताया कि वे लोग मारपीट करने लगे, जिससे उसके सिर में चोट लगी है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर ले ली है।
यह भी पढ़ें- बरेली: शहर में अवैध स्टैंडों के खिलाफ चला अभियान, 45 वाहन सीज
