हरदोई: गांव के मुखिया रह चुके पोल्ट्री फार्म मालिक की ईंट से कुचलकर हत्या, इलाके में दहशत
हरदोई। गांव के मुखिया रह चुके मुर्गा फार्म के मालिक की वहीं ईंटों से कुचल-कुचल कर हत्या कर दी गई। भोर पहर उसका खून से लथपथ शव देख कर पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस तरह की वारदात मल्लावां कोतवाली के करवा गांव में हुई। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन करने में जुटी हुई है।
बताया गया है कि मल्लावां कोतवाली के करवा निवासी 46 वर्षीय रामाश्रय दिवाकर गांव के मुखिया रह चुके हैं। घर से कुछ दूरी पर कल्याणी नदी के किनारे उनका पोल्ट्री फार्म है। बताते हैं कि रामाश्रय अक्सर शाम को पोल्ट्री फार्म पर जाते थे। शनिवार को भी वहां गए हुए थे। रविवार की सुबह मुर्गा फार्म की तरफ से निकलने वाले कुछ ग्रामीणों ने उनका खून से लथपथ शव पड़ा हुआ देखा।
वहीं पास में पड़ी देखी गई ईंट में खून लगा हुआ था, जिससे कहा जा रहा है कि इसी ईंट से कुचल कर रामाश्रय दिवाकर की हत्या की गई। इसका पता होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसका पता होते ही मुर्गा फार्म मालिक के घर वाले रोते-बिलखते हुए दौड़ पड़े। कुछ ही देर में आस-पास के गांवों में हत्या की खबर फैल गई।
इस बारे में एसएचओ मल्लावां शेषनाथ सिंह का कहना है कि रामाश्रय दिवाकर की ईंट से कुचल कर हत्या किया जाना लग रहा है। उनके घर वालों के अलावा कुछ ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कुछ कहा जा सकता है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : एसजीपीजीआई में इंटरनेशनल इमरजेंसी मेडिसिन-डे पर सफाई कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
