अयोध्या: सनबीम छात्रा मामले में विद्यार्थी परिषद ने सीएम को भेजा ज्ञापन
विरोध मार्च निकाल कहा- निष्पक्ष जांच करवा दोषियों का फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो ट्रायल
अयोध्या/अमृत विचार। सनबीम छात्रा की मौत मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और फिर विरोध मार्च निकाला। परिषद की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवा फास्ट ट्रैक कोर्ट से ट्रायल करवा दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए। जरूरत हो तो मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए।
सोमवार को विद्यार्थी परिषद महानगर इकाई कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रट पहुंच जिलाधिकारी की नामौजूदगी में अपर जिला अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के बाद मुख्य मार्ग पर पैदल मार्च निकाल नारेबाजी की। कहा, अवकाश में छात्रा को विद्यालय बुलाने, कुछ समय का सीसीटीवी फुटेज गायब होने, परिवार को झूले से गिरने की बात बताने व घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने का प्रयास सहित तमाम चीजें विद्यालय प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
महानगर मंत्री अंशुमान सिंह ने कहा कि मामले में दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष तथा जरूरत पर सीबीआई से जांच कराने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल करवा जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की गई है। इस अवसर पर आस्था मिश्रा, आशुतोष राणा, मनीष यादव, यश अग्रवाल, अर्पित श्रीवास्तव, अंश जायसवाल, दुर्गेश तिवारी, अजय तिवारी, शालिनी निषाद, साक्षी कार्तिक, अभय सिंह, साहिल कसौधन, मानवेंद्र सिंह, अमन गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: डीआईओएस के रिकॉर्ड में नहीं सनबीम की कुंडली, भाजपा नेता के पत्र से मचा हडकंप
