रुद्रपुर: डीएम ने कहा...जिला गंगा प्लान का ड्राफ्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं अधिकारी
जिला गंगा समिति की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
कहा-एक जून से 5 जून तक कार्यालय के अंदर और कार्यालय परिसर में चलाएं स्वच्छता एवं पर्यावरण अभियान
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने अधिकारियों के साथ जिला गंगा समिति की बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के तहत जनपद के प्रस्तावित जिला गंगा प्लान का अच्छी तरीके से अध्ययन करने के साथ ही आवश्यक परिवर्तन या सुझाव ड्राफ्ट में शामिल कर, उनका पूरा विवरण एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। ताकि ड्राफ्ट को नोटिफाइड कराया जा सके।
मंगलवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर एक एमआरएफ सेंटर का प्रस्ताव तैयार करें। साथ ही सेंटर के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी भूमि चिह्नित करें। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों से आगामी निरीक्षणों में सूखे और गीला कूड़े के कलेक्शन, सेग्रीगेशन आदि पर विशेष ध्यान देने को कहा। कहा सूखा कूड़ा सप्ताह में एक बार और गीला कूड़ा प्रतिदिन उठाया जाये।
उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यालाध्यक्षों को निर्देश दिये कि एक जून से 5 जून तक कार्यालय के अंदर और कार्यालय परिसर में स्वच्छता एवं पर्यावरण पर अभियान चलाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया, कूड़ा निस्तारण में आने वाले चुनौतिया, समाधान आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डीएफओ वैभव कुमार ने जिला गंगा समिति के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त काशीपुर विवेक राय, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, डीईओ माध्यमिक डीएस राजपूत, ईओ मनोज दास, जगदीश चंद्र, शिखा आर्य समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
