गदरपुर: गैस सिलेंडर में लगी आग, तीन लोग झुलसे
गदरपुर, अमृत विचार। गैस सिलेंडर में रेगुलेटर लगाते समय निकली गैस से घर में जल रहे चूल्हे ने आग पकड़ ली। आग ने घर में रखे सामान को चपेट में ले लिया।आग बुझाने के प्रयास में तीन लोग गंभीर झुलस गए और तीन मामूली रूप से सुलसे। आसपास के पहुंचे लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हदसा होते बच गया।
बुधवार को ग्राम डोंगपुरी कॉलोनी निवासी राजपाल पुत्र रघुबीर सिंह अपने घर के बरामदे में रखे सिलेंडर में रेगुलेटर लगा रहा था। उसी दौरान सिलेंडर से गैस की लीकेज हो गई और घर में जल रहे चूल्हे से गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।
जब तक परिवार के लोग कुछ समझते तब तक राजपाल पुत्र रघुवीर सिंह नीरज देवी पत्नी कोमल सिंह प्रियंका पुत्री लाखन सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि आग बुझाने के प्रयास में संतोष पत्नी लाखन सिंह रोहित पुत्र लाखन सिंह जसवीर पुत्र लाखन सिंह मामूली रूप से झुलस गए। इस दौरान परदे भी जल गए।
गंभीर झुलसे लोगों को सीएचसी में भर्ती किया गया। लोगों ने इसकी सूचना गैस एजेंसी और तहसील कर्मियों को दी। सूचना पर तहसील से राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि राज्यपाल ने सोमवार को गैस एजेंसी से नया गैस सिलेंडर लिया था और बुधवार को रेगुलेटर लगाने के दौरान हादसा हो गया। गैस एजेंसी कर्मियों का कहना था कि मामले की जांच की जाएगी।
