रुद्रपुर: दूसरे दिन में आयकर विभाग की टीम ने खंगाले पायलट फैक्ट्री में दस्तावेज
पंजाब, दिल्ली और हरियाणा नंबर की गाड़ियों से पहुंचे थे अधिकारी
टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए, फैक्ट्री में बनते हैं बैटरी
रुद्रपुर, अमृत विचार। आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई दूसरे दिन भी सिडकुल की पायलट इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी में जारी रही। टीम ने कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिये हैं। वहीं कार्रवाई के दौरान कंपनी के अधिकारियों के मोबाइल भी बंद मिले।
मंगलवार को सिडकुल की बैटरी बनाने वाली पायलेट इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी में आयकर की टीम सुबह आठ बजे पहुंची। इसके बाद से टीम की कार्रवाई जारी है। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की दो टीमों ने छापेमारी की कार्रवाई के दौरान कंपनी की उत्पादन क्षमता, होने वाली आय, मुनाफे के साथ ही कर्मचारियों के वेतन और अन्य खर्चों की गहनता से जानकारी ली।
इसके अलावा कई अन्य कागजातों की जांच की है। सूत्रों की अनुसार कंपनी ने पिछले लम्बे समय से टैक्स जमा नहीं किया हुआ है। यह राशि कितनी है इसकी जानकारी पूरी कार्रवाई के बाद ही लग पाएगी। वहीं, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दूसरे दिन भी पुलिस बल की डिमांड की गयी थी जो उपलब्ध करा दी गई थी।
