LLB Entrance Exam: प्रयागराज में एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान पकड़े गए दो मुन्नाभाई
प्रयागराज/अमृतविचार। यमुनानगर के नैनी स्थित सरस्वती बाल विद्यालय में शुक्रवार को एलएलबी प्रवेश परीक्षा थी। जहां दो मुन्ना भाई मूल परीक्षार्थी की जगह एग्जाम देने पहुंचे थे। सूचना के बाद एसटीएफ ने दोनों मुन्ना भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बता दें कि देश के 11 शहरों में परीक्षा सेंटर बनाया गया था।
दरअसल, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में परास्नातक समेत अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए शुक्रवार को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। पहले दिन एलएलबी, एलएलएम और एमकॉम की प्रवेश परीक्षा दो पालियों में देशभर के 11 शहरों में आयोजित की गईं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की शुक्रवार को एलएलबी प्रवेश परीक्षा में एसटीएफ ने दो सॉल्वर को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के मुताबिक, दोनों मुन्ना भाई मूल परीक्षार्थियों की जगह बैठे थे। मोहम्मद जावेद नाम का सॉल्वर प्रशांत कुमार यादव की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। वहीं, सॉल्वर अनिल कुमार यादव आशुतोष पटेल की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। दोनों मुन्ना भाई को प्रयागराज के नैनी के सरस्वती बाल सेंटर से पकड़ा गया है।
एसटीएफ के मुताबिक दोनों से पूछताछ में पता चला है कि मोहम्मद जावेद अपने मित्र प्रशांत कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था। प्रशांत ने इसके एवज में उसे 25 हजार रुपये भी दिए थे। वहीं, अनिल यादव ने बताया कि वह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पासआउट है। उसे भी दूसरे की जगह परीक्षा देने के लिए 25 हजार रुपये मिले थे।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज में बोले आदित्य प्रसाद- भाजपा का मूल मंत्र अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना
