बरेली: 4 जून को होगी जेईई एडवांस की परीक्षा, बनाए गए आठ से अधिक केंद्र
दो पाली में आयोजित करवाई जाएगी परीक्षा, 23 प्लस आईआईटी के कॉलेजों में मिलेगा प्रवेश
बरेली, अमृत विचार। इंजीनियरिंग काॅलेज में प्रवेश के लिए होने वाली ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस की परीक्षा 4 जून को होगी। इसके लिए जिले में आठ से अधिक केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जेईई एडवांस के लिए परीक्षा फॉर्म भरने के बाद से ही अभ्यर्थियों ने तैयारी शुरू कर दी है।
परीक्षा दो पाली सुबह 9 से 12 बजे और दोपहर 2.30 से 5.30 बजे तक में होगी। अभ्यर्थी अपना हॉल टिकट यानी प्रवेशपत्र डाउनलोड कर रहे हैं। इधर, परीक्षा केंद्रों पर भी छात्र संख्या के हिसाब से तैयारियां चल रही हैं। केंद्रों से जुड़े लोगों को परीक्षा संबंधी तैयारियां समय से करने और परीक्षा के दिन निगरानी करने को कहा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार जेईई एडवांस की परीक्षा से 23 से अधिक आईआईटी काॅलेज में बीटेक समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है।
सीबीएसई के जिला समन्वयक डाॅ. वीके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा देने के लिए जाने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ ही आईडी जैसे आधार कार्ड, स्कूल आईडी लाना अनिवार्य है। वहीं, प्रवेश पत्रों पर दिए गए बारकोड को रीडर के माध्यम से पढ़कर ही केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। रफ वर्क करने के लिए प्रत्येक पेपर में स्क्रैबल पेज दिए जाएंगे, जिसको अभ्यर्थी परीक्षा खत्म होने पर अपने साथ ले जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: जेई पर रिश्वत लेने के आरोपों की नहीं शुरू हुई जांच
