Fatehpur: फांसी के फंदे पर झूले प्रेमी युगल, रिश्ते में लगते थे भाई-बहन, पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लिया
फतेहपुर में प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले।
फतेहपुर के जहानाबाद में प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लिया।
फतेहपुर, अमृत विचार। कस्बे की चंदागली में युवक-युवती के फांसी के फंदे से लटकते शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती, अपने भाई व बहन के साथ रिश्तेदार के मकान का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी जबकि युवक लोडर चालक था, जो घटना वाली रात भी युवक लोडर लेकर ही युवती के कमरा गया।
कस्बा जहानाबाद के मोहल्ला चंदागली हाइवे रोड़ स्थित हेमंत सचान के आवास में बकेवर थाना क्षेत्र के शाजहांपुर गांव निवासी बहनोई महेंद्र की बेटी दीक्षा (25) छोटी बहन राखी व छोटा भाई अभि के साथ आठ महीने से रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को कोचिंग कर रही थी।
देर रात बकेवर थाना क्षेत्र के ही पहुर गांव का रहने वाला मृतका दीक्षा के मौसी की ननंद का लड़का रोहन लोडर लेकर आया और देर रात का हवाला देकर रुक गया। इसके बाद सभी सो गए।
सिलेंडर गिरने से खुली भाई की आंख
रात एक बजे, अचानक सिलेंडर गिरने की आवाज हुई। जिसे सुनकर छत में सो रहा अभि की अचानक आंख खुल गई। भागकर देखा तो कमरे के अंदर बहन व रोहन फांसी के फंदे पर लटक रहे थे। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों ने सिलेंडर के सहारे ही छत के कुंडे से कसे दुपट्टे से जान दे दी।
फोन कर फफक पड़ी राखी
दीक्षा की मौत ने छोटी बहन राखी व छोटे भाई अभि को पूरी तरह से विचतित कर दिया। राखी ने अपने पिता महेंद्र को फोन कर पूरी घटना से अवगत कराया। हालांकि ऐसा कहते वक्त उसकी जुबान साथ नहीं दे रही थी।
पुलिस ने कब्जे में लिए मोबाइल
पुलिस ने मौके से दीक्षा तथा रोहन का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। आत्महत्या का यह मामला मोबाइल से काफी हद तक साल्व हो सकता है। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
