रुद्रपुर: 2.926 किलो अफीम के साथ तस्कर दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2.926 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि पकड़ा गया आरोपी सीमावर्ती इलाकों से अफीम की बड़ी खेप लाकर स्थानीय स्तर पर बिकवाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके, सीओ एसटीएफ सुमित कुमार पांडेय ने रविवार को खुलासा करते हुए बताया कि तीन जून को कुमाऊं एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस संयुक्त रूप से इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी कि अचानक सामने से आ रहा व्यक्ति टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश कुमार निवासी ग्राम ताल गोटिया फरीदपुर बरेली यूपी बताया। टीम ने उसके कब्जे से 2 किलो 926 ग्राम अफीम बरामद हुई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 लाख रुपये कीमत आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गांव फरीदपुर में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होती है और लोग अपने-अपने गांव से अफीम इकट्ठा कर उसे बेचते हैं। जहां से वह सस्ते में अफीम की बड़ी खरीद कर सीमावर्ती यूपी के रास्ते इलाके में महंगे दामों पर फुटकर में बिकवाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
