हल्द्वानी: मुखानी में एटीएम लूट की कोशिश, बदमाश फरार
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी में शनिवार देर रात बदमाशों ने एटीएम लूटने की कोशिश की। बदमाशों ने एटीएम तो तोड़ा, लेकिन वह सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। सुबह जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी के जरिये बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक गैस गोदाम रोड शिव बिहार में यूनियन बैंक का एटीएम लगा है। इस एटीएम में गार्ड नहीं है। शनिवार रात कुछ बदमाश लूट के इरादे से एटीएम में दाखिल हो गए।
बदमाशों ने लोहे की सरिया से एटीएम के लॉकर को तोड़ने की कोशिश की। लगातार प्रयास से एटीएम छतिग्रस्त तो हुआ, लेकिन टूटा नहीं। जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सुबह पड़ोसी दुकानदार जब दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो उन्हें एटीएम छतिग्रस्त दिखाई दिया।
आनन-फानन में उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में मुखानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया सरिया भी बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष रमेश बोहरा ने बताया कि घटना की जानकारी मेरठ में रहने वाले मुख्य प्रबंधक को दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
