हरिद्वार: लॉरेंस बिश्नोई का नाम भुनाने के लिए मांगी थी रंगदारी
हरिद्वार, अमृत विचार। हार्डवेयर व्यापारी संतोष महेश्वरी, अरविंद कुमार और प्रॉपर्टी डीलर प्रेम लाल शर्मा को धमकाकर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगने संबंधी प्रकरण का स्पेशल पुलिस टीम ने हरिद्वार निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए खुलासा किया है।
एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, बीती 9 मार्च को फोन कॉल से धमकी देने के सम्बन्ध में कोतवाली हरिद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान ही व्यापारी को पुनः 2 जून की शाम को नए नम्बरों से टेक्स्ट मैसेज से धमकी मिलने के साथ ही उक्त दोनों नम्बरों से (उसी प्रकार पहले कॉल, बाद में टेक्स्ट मैसेज) रायवाला के दो व्यापारियों को धमकी दी गई थी। गठित स्पेशल टीम ने फोन कॉल/मैसेज करने के लिए प्रयोग किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) का अवलोकन किया। सर्विलांस के साथ ही फील्ड में मुखबिरों का जाल बिछाते हुए अभियुक्त वीरेंद्र उर्फ छोटा सुनार व गोविंद बाबा को गिरफ्तार कर लिया।
यह निकली प्रोफाइल
अभियुक्त वीरेंद्र उर्फ छोटा सुनार विलासपुर छत्तीसगढ स्थित अंग्रेजी माध्यम के स्कूल से पढ़ाई के दौरान छठवीं कक्षा में भागकर हरिद्वार आ गया था। इस दौरान घाटों पर गोताखोरी करने व गंगा ढूंढने के वह अन्य गोताखोरों को मिले स्वर्ण अथवा चांदी के आभूषण आदि को तुरंत खरीदकर आगे बेचने के उसके काम के कारण उसका नाम छोटा सुनार पड़ा। दूसरा अभियुक्त गोविंद बाबा निर्धन निकेतन विद्यालय से दसवीं फेल होकर चाय की अस्थायी दुकान चलाता है।
शराब पीने के दौरान बनी योजना
अक्सर एक साथ शराब पीने के दौरान दोनों अभियुक्तों ने रंगदारी मांगने का प्लान तैयार किया। थोक विक्रेता के पास मोटी रकम आने की जानकारी होने पर अभियुक्तों ने फिरौती में मोटी रकम हासिल करने के लिए पहले हरिद्वार निवासी हार्डवेयर व्यापारी की दुकान के बोर्ड से उसका नम्बर लिया और रायवाला निवासी व्यापारियों के दुकान के बोर्ड पर नम्बर अंकित न होने पर उनके द्वारा संचालित स्कूल से नम्बर प्राप्त कर तीनों नम्बरों पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगी।
