रुद्रपुर: पुलिस का रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न अभियान रहा सफल
रुद्रपुर, अमृत विचार। ध्वनि प्रदूषण एवं यातायात नियमों का पालन करने के उद्देश्य से चलाया गया पुलिस का अभियान काफी हद तक सफल रहा। जिसके चलते पुलिस ने सैकड़ों तेज ध्वनि पैदा करने वाले उपकरणों को उतरवाया और वाहन स्वामियों को हिदायत दी।
सोमवार को खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जिले भर में पुलिस ने रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न के खिलाफ अभियान चलाया था।
जिसमें पुलिस ने बड़े पैमाने पर ध्वनि पैदा करने वाले वाहनों के उपकरण उतरवाए और वाहन स्वामियों का पुलिस एक्ट में चालान कर हिदायत देकर छोड़ा गया था। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बेहतर कार्य करते हुए ध्वनि प्रदूषण करने वाले 200 से अधिक रेट्रो साइलेंसर और 158 प्रेशर हॉर्न उतरवाकर नष्ट किए हैं।
इसके अलावा पुलिस लगातार ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
