बदायूं: तहसील दिवस पर शिकायत करने पर प्रधान पक्ष ने किया हमला, पांच लोगों पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

बदायूं, अमृत विचार। तहसील दिवस पर आरआरसी सेंटर संबंधी शिकायत करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। प्रधान और उसके भाइयों ने शिकायतकर्ता और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। जिससे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाई। पीड़ित की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी।

मामला कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव ततारपुर का है। गांव निवासी मुलायम सिंह ने बताया कि गांव में आरआरसी सेंटर का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां गांव का कूड़ा-कचरा डाला जाएगा। जो नियम विरुद्ध बनने की वजह से उन्होंने तहसील दिवस में शिकायत की थी। बताया था कि उस स्थान पर आरआरसी सेंटर बनाया जाएगा तो और ज्यादा गंदगी होगी। जिससे बीमारियां हो जाएंगी। आरोप है कि इससे ग्राम प्रधान बौखला गया। 

उन्होंने अपने भाइयों के साथ शिकायतकर्ता और उसके परिवार को गांव में घेरकर हमला बोल दिया। चार महिलाएं और तीन पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर ग्राम प्रधान योगेश, संजीव, विनोद, किशवीर, भानु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी है। बिसौली कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। जहां कुछ घायल मिले। उन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: गंगा स्नान के दौरान दो डूबे, बच्चे की मौत, युवक को बचाया

संबंधित समाचार