Kannauj News : कथा समापन करने के बाद गंगा में करने आई थी सामग्री विसर्जित, दो बच्चियां गंगा में डूबी
कन्नौज में दो बच्चियां गंगा में डूब गई।
कन्नौज में कथा समापन के बाद गंगा में सामग्री विसर्जित करने आई दो बच्चियां गंगा में डूब गई। गोताखोर बच्चियों की तलाश कर रहे है।
कन्नौज, अमृत विचार। कथा समापन के बाद परिजन गंगा में सामग्री विसर्जित करने आए। सभी स्नान करने लगे। इस दौरान नदी के तेज बहाव व गहराई में दो बच्चियां डूब गईं। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर नाव व जाल की मदद से बच्चियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंगलवार की दोपहर छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दीपकपुर से महिला, पुरुष व बच्चे कथा समापन के बाद सामग्री को विसर्जित करने के लिए च्यवन आश्रम स्थित चियासर गंगा तट पर आए थे। सामग्री विसर्जन के बाद सभी लोग गंगा स्नान करने लगे। तभी जबर सिंह पाल की पुत्री प्राची (12) व प्रदीप पाल की पुत्री कविता (07) तेज बहाव के कारण डूब गई। घटना से परिजनों में चीख पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, निरीक्षक आरपी त्रिपाठी, मझपुर्वा चैकी प्रभारी सुरेश चन्द्र पाल, जसोदा चौकी प्रभारी आशीष कुमार, नौरंगपुर के एचसी प्रदीप मिश्रा ने गोताखोरों की मदद से नाव व जाल डालकर बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। पड़ोसी थाना अरवल पुलिस को भी बच्चियों की तलाश के लिए घटना की सूचना दी गई है। कोतवाल ने बताया कि गोताखोरों को लगाकर बच्चियों की तलाश की जा रही है।
