Ranikhet News: व्यापारियों ने पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी
रानीखेत, अमृत विचार। पुलिस महकमे द्वारा बार-बार दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम पर परेशान करने को लेकर व्यापार मंडल मुखर हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इसी तरह पुलिस महकमा व्यापारियों का उत्पीड़न करता रहा तो आंदोलन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
यहां आयोजित एक बैठक में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा आये दिन अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा व्यापारी स्वयं ही मर्यादित तरीके से पूर्व से निर्धारित सफेद पट्टी के अंदर ही अपना सामान रखते हैं। जिसमें भी पुलिस प्रशासन द्वारा आये दिन व्यापारियों को धमकाया जाता है।
उन्होंने कहा कि नगर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। जिसके चलते रोज मुख्य मुख्य मार्ग पर जाम लगना आम बात हो गई है। जाम से स्कूली बच्चे व खुद व्यापारी भी परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस का यही रवैया रहा तो व्यापार मंडल पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन को बाध्य होगा।
बैठक में व्यापार मंडल के महासचिव संदीप गोयल, उपाध्यक्ष दीपक पंत, महिला उपाध्यक्ष नेहा साह माहरा, कोषाध्यक्ष भुवन पांडेय, उपसचिव विनीत चौरसिया, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद थे।
