हल्द्वानी: जांच के लिए खोदे गड्ढे, पाटना भूला लोनिवि
दोपहिया वाहनों के गिरने का है खतरा
गड्ढों के पास नहीं लगाए हैं कोई चेतावनी संकेत पूर्व में भी कई दोपहिया वाहन बड़ी दुर्घटना के शिकार होने से बचे
हल्द्वानी, अमृत विचार। आरटीओ रोड में दो माह से सड़क पुर्ननिर्माण चल रहा है। काम की गति इतनी धीमी है कि दो माह होने पर भी सड़क नहीं बन पाई है। दो दिन पहले लोक निर्माण विभाग ने सड़क में जगह-जगह गड्ढे खुदवाए थे जिनको अभी तक भरा नहीं गया है जिससे दोपहिया वाहनों के दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
गड्ढों के पास कोई चेतावनी संकेत भी नहीं लगाया गया है जिससे सड़क से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक सतर्क हो जाएं और कोई दुर्घटना न घटे। स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि विभाग जांच के नाम पर लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है।
विभाग को सड़क के गड्ढों को भरना चाहिए और खोदे गए गड्ढों के पास चेतावनी संकेत लगाने चाहिए। पूर्व में भी लोक निर्माण विभाग के सड़क पर रोड़े बिछाकर छोड़ देने के कारण दोपहिया वाहनों के आवागमन में दिक्कतें आई थी और कई बार स्कूटी और बाइक चालक बड़ी दुर्घटना का शिकार होते हुए बचे।
कछुआ चाल से हो रहे काम के कारण स्थानीय दुकानदारों और लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरटीओ कार्यालय होने के कारण इस रोड से बड़े वाहनों के साथ ही प्रतिदिन कई दोपहिया वाहन गुजरते हैं।
बेसकोर्स ( डामरीकरण से पहले डाला गया पत्थर ) की क्वालिटी जांचने के लिए गड्ढे खोदे गए थे। बुधवार को विभागीय अधिकारी मौके पर जांच के लिए गए थे। जल्द ही गड्ढों को भर दिया जाएगा। - ललित तिवारी, एई, लोनिवि
