कानपुर : तीन युवकों ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र के अंतर्गत फांसी लगाकर दी जान
अमृत विचार, कानपुर । शहर के अलग-अलग तीन थानाक्षेत्रों में युवकों ने फांसी लगाकर जिंदगी से नाता तोड़ लिया। परिजनों ने फांसी के फंदे पर युवकों का शव लटकता देखा तो चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घरेलू कलह से चलते फांसी लगाकर दी जान
पहली घटना-1 रेलबाजार थानाक्षेत्र अंतर्गत फेथफुलगंज चौकी क्षेत्र में 24 वर्षीय करूणेश साहू ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिवारीजनों ने बताया युवक ने मंगलवार सुबह नौ बजे से कमरा बंद कर लिया था। इसके बाद वह कमरे के बाहर नहीं आया। घर के लोगों ने शंका होने पर खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव साड़ी के फंदे से लटक रहा था। परिवारीजनों ने बताया युवक की शादी के कुल नौ महीने हुए थे। युवक ने प्रेम विवाह किया था। युवक नशे का आदी था। जिसको लेकर परिवारीजनों से आए दिन कहासुनी हुआ करती थी।
बांस की बल्ली के सहारे किया आत्महत्या
दूसरी घटना-2 महाराजपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव निवासी 35 वर्षीय महेश कश्यप ने निर्माणाधीन मकान में बल्ली के रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि महेश कश्यप की शादी 12 वर्ष पहले मीना के साथ हुई थी। महेश गांव में ही रहकर नौकरी करता था। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। महेश की मीना व सास ने महेश के साथ मारपीट की थी। जिससे महेश मानसिक तनाव में रहने लगा था। मृतक युवक के एक एक बेटी व एक बेटा है। वहीं मीना के परिवारीजनों का कहना है, कि महेश का उनके भाईयों से जमीन का विवाद चलता था। जिसको लेकर उसने उन लोगों के खिलाफ मुकदमा भी डाला था। पुलिस का कहना है, कि आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं, तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दुपट्टा से लटकता मिला युवक का शव
तीसरी घटना-3 घाटमपुर कोतवाली के जगदीशपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामऔतार कुरील मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। घर पर पत्नी शिव कुमारी और दो बेटी गुड़िया और दीक्षा व एक बेटा रवि है। पत्नी शिव कुमारी ने पुलिस को बताया की उनके मायके मुदर मोहम्मदपुर में परिवार में शादी समारोह था। जिसमें शामिल होने वह बच्चों के साथ सोमवार शाम मायके चली गई थीं। घर पर उनके पति अकेले थे। बुधवार सुबह जब सास पार्वती उन्हें खाना देने पहुंची तो उन्होंने बेटे को दुपट्टे के सहारे छत के कुंडे से फांसी पर लटकते देखा, तो शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंच गए। पड़ोसियों ने पत्नी व पुलिस को घटना की सूचना दी। परिजनों का कहना है, कि किस कारण जीवन खत्म कर लिया वह लोग नहीं समझ पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : 2 विधायकों के मर्डर के आरोपी की कोर्ट परिसर में हत्या पर जानें क्या बोले अधिकारी
