जसपुर: वाहन से 16 गिल्टे खैर की लकड़ी बरामद, तस्कर फरार
जसपुर, अमृत विचार। वन विभाग की टीम ने जंगल से अवैध रूप से काट कर ले जाई जा रहे खैर के गिल्टों से लदा वाहन पकड़ लिया। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रभागीय वन अधिकारी पश्चिमी वन प्रभाग व उप प्रभागीय वन अधिकारी के निर्देश पर वन रेंज जसपुर दक्षिणी के व कर्मियों की टीम रात्रि के दौरान जंगल में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें जंगल से एक पिकअप वाहन गुजरता दिखाई दिया। वन कर्मियों की टीम ने वाहन की घेराबंदी की।
लेकिन, अंधेरे का लाभ उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने 16 गिल्टे बरामद किए। वाहन कब्जे में लेकर वन रेंज मुख्यालय, पतरामपुर परिसर में खड़ा कर लिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़े गए खैर के गिल्टों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।
वन क्षेत्राधिकारी दक्षिणी जसपुर रेंज ललित कुमार ने बताया कि वन रेंज से अवैध कटान अवैध खनन होने की शिकायतें मिल रही थीं। जिसके मद्देनजर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जंगल में नियमित गश्त की जा रही है व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
वन रेंज में अवैध कटान व अवैध खनन को रोकने के लिए चलाया जा रहा जारी रहेगा। वन विभाग की टीम में वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद, वन आरक्षी लक्ष्मी बिष्ट, तरसेम सिंह, रक्षपाल सिंह, लाखन सिंह शामिल रहे।
