अयोध्या: अभी और इंतजार, 27 जून से पहले नहीं होगा शिक्षकों का तबादला, जानें वजह
अयोध्या/अमृत विचार। शासन के निर्देश पर अन्तरजनपदीय एवं पारस्परिक तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए शासन की ओर से समय सारिणी भी जारी कर दी गई है। सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा की ओर से आठ जून को जारी समय सारिणी के तहत 27 जून तक पूरी प्रक्रिया चलेगी। जिसके चलते शिक्षकों को अभी और इंतजार करना होगा।
बता दें कि अप्रैल और मई में भी प्रक्रिया शुरु की गई थी लेकिन कतिपय अड़चनों के कारण पूरी न हुई। जारी समय सारिणी के अनुसार शिक्षकों को तबादले के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार 9 से 14 जून मध्य रात्रि तक राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र के विकसित पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
इसके बाद 10 से 18 जून तक बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा पोर्टल पर अपलोड किए गए आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसमें शिक्षकों द्वारा भरे गए प्रप्रत्र के अतिरिक्त उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि एवं शैक्षिक अभिलेखों की जांच होगी। इसके बाद 18 से 27 जून तक राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र द्वारा तबादले की कार्रवाई पूरी की जायेगी।
27 जून को तबादले के दायरे में आए शिक्षक और शिक्षिकाओं को कार्यमुक्त किया जाएगा। तबादलों के तहत विभिन्न श्रेणियों में अंक निर्धारित किए गए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि स्थान्तरण प्रकिया शुरू कर दी गई है। शिक्षक केन्द्र द्वारा जारी किए गए लिंक पर आवेदन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: एक दर्जन उपनिरीक्षकों के बदले गए कार्यक्षेत्र, पूर्व के दो स्थानातारण निरस्त
