मुरादाबाद: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े तीन लाख ठगे
मुरादाबाद,अमृत विचार। सऊदी अरब में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए। भरोसा जीतने के लिए कुछ लोगों से यह कहकर बात भी करवा दी कि वह इनकी नौकरी पहले लगवा चुका है। लंबा वक्त बीतने के बाद जब उसे सऊदी अरब नहीं भेजा गया तो …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सऊदी अरब में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से साढ़े तीन लाख रुपए ठग लिए। भरोसा जीतने के लिए कुछ लोगों से यह कहकर बात भी करवा दी कि वह इनकी नौकरी पहले लगवा चुका है। लंबा वक्त बीतने के बाद जब उसे सऊदी अरब नहीं भेजा गया तो उसने अपनी रकम वापस मांगी। कुछ दिन टरकाने के बाद ठगी करने वाले ने रकम देने से इंकार करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने एसएसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ठगी का शिकार हुआ युवक भगतपुर का रहने वाला रिजवान है।
रिजवान के अनुसार उसके घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं हैं। पिता की मौत हो जाने के कारण वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है। रिजवान के अनुसार करीब छह माह पहले वह भोजपुर में रहने वाले अपने एक परिचित के यहां पर शादी में गया था। वहां पर एक जालसाज से उसकी मुलाकात हो गई।
जालसाज ने बताया कि उसकी सऊदी अरब में अच्छी पहचान है, अगर वह चाहे तो वहां पर अच्छी सैलरी में नौकरी लगवा सकता है। इतना ही नहीं रिजवान का भरोसा जीतने के लिए उसने कुछ लोगों से बात भी कराई। बताया कि यह वह लोग हैं, जिनकी उसने सऊदी अरब में नौकरी लगवाई है। रिजवान के अनुसार वह भी उसके झांसे मे आ गया। पूछने पर उसने कहा कि करीब साढ़े तीन लाख का खर्चा आएगा। जबकि प्रति माह उसे कम से कम 35 हजार की सैलरी मिलेगी। इस पर उसने रकम का इंतजाम करने के लिए घर में रखे सोने-चांदी के जेवर बेच दिए।
रिजवान के अनुसार जेवर बेचकर काफी समय पहले उसने जालसाज को तय रकम दे दी। इसके बाद उसने जल्द सऊदी भेजने का भरोसा दिया। लंबा वक्त बीता को रिजवान को चिंता हुई तो जालसाज टरकाने लगा। आरोप है कि शक होने पर रिजवान ने जब अपनी रकम मांगी तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए पैसे देने से इंकार कर दिया। पीड़ित ने शनिवार को एसएसपी को पत्र देकर जालसाजी करने वाले पर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।
