रामपुर : पुलिस मुठभेड़ में बदायूं का बदमाश गिरफ्तार, घायल को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
शाहबाद (रामपुर), अमृत विचार। शनिवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोच लिया। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने बदमाश पर गोली चलाई। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव लोधीपुर में छह माह पूर्व गांव निवासी कर्मवीर के घर में डेढ़ लाख रुपये का डाका डाला था। मामले में अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्त आरोपी उस समय से फरार चल रहा था। शनिवार रात करीब पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई थी।
पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने फायरिंग की तो पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर दी। एक गोली बदमाश के पैर में लगी, उसके धराशायी होते हुए पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। पहले दौर की पूछताछ में पता चला कि आरोपी बावरिया गिरोह का सदस्य बदायूं के अमापुर थाना क्षेत्र के ककराला निवासी अंजुम उर्फ साकिर है।
13 जनवरी को लोधीपुर निवासी कर्मवीर के यहां डाले गए डेढ़ लाख के डाके में भी वह शामिल था। पुलिस काफी समय से उसको तलाश रही थी। कई बार उसके घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ सका था। उसके बाद से पुलिस लगातार उसको तलाश रही थी।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: पांच लाख की रिश्वत लेने में तत्कालीन सीओ सिटी समेत दो पर FIR
