रुद्रपुर: राकेश के गायब मोबाइल से लगातार की जा रही पैसों की मांग
बोली पत्नी-ढाई लाख रुपये का चल रहा है मामला
पुलिस का मोबाइल लोकेशन पर नहीं गया ध्यान
रुद्रपुर, अमृत विचार। मृतक राकेश कुमार के गायब मोबाइल लगातार आ रहे मैसेज पहेली बने हुए हैं। अज्ञात शख्स द्वारा राकेश के मोबाइल से उसके चिरपरिचितों को संदेश भेज पैसों की डिमांड की जा रही है।
बावजूद इसके पुलिस का ध्यान मृतक की मोबाइल लोकेशन निकालने की ओर नहीं गया। राकेश की पत्नी का आरोप है कि पति का ढाई लाख रुपये में खरीदे गए एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में बिलखती पत्नी मुनीता ने बताया कि पति राकेश अपना मोबाइल साथ लेकर गए थे जो कि गायब है। मुनीता के अनुसार पति के मोबाइल से उसमें सेव नंबरों पर पैसे देने और मोबाइल ले जाने के मैसेज भेजे जा रहे हैं।
शनिवार की देर रात पति के मोबाइल में जुड़े परिचितों के नंबरों पर 500 रुपये देने और मोबाइल ले जाने का मैसेज आने शुरू हो गए। मैसेज करने वाला अज्ञात शख्स कभी मोबाइल लेने के लिए किच्छा तो कभी काशीपुर बाईपास मार्ग पर आने का मैसेज डाल रहा है। यह रकम बढ़ते-बढ़ते रविवार सुबह 20 हजार रुपये तक पहुंच गई।
ऐसे में सवाल उठता है कि इस सबके बावजूद पुलिस ने उसका मोबाइल सर्विलांस पर क्यों नहीं लगाया। जबकि मोबाइल को सर्विलांस पर लगा पुलिस मैसेज भेजने वाले अज्ञात शख्स को दबोच राज पर से पर्दा उठा सकती थी। वहीं मृतक की पत्नी का कहना था कि उसके पति का किसी से कोई विवाद नहीं है।
मगर उनके द्वारा ढाई लाख रुपये का एक प्लाट खरीदा गया था। जिस पर विक्रेता द्वारा कब्जा नहीं दिया गया। वहीं ढाई लाख रुपये को लेकर उनके पति पर विक्रेता दबाव जरुर बना रहे थे।
पत्नी मुनीता ने आशंका जताई कि मोबाइल पर बार-बार पैसे देने का मैसेज आना और ढाई लाख के विवाद का आपस में कुछ तो संबंध है। पुलिस को तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसके पति की हत्या से पर्दा उठाना चाहिए। मुनीता ने जल्द खुलासा न होने पर बच्चों के साथ आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
