Almora News: वन भूमि का हस्तांतरण नहीं होने से सड़कों का निर्माण अटका, फाइलों में धूल फांक रहे हैं निर्माण के प्रस्ताव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। राज्य गठन के वर्षों बाद भी अल्मोड़ा जिले में दर्जनों सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया है। अधिकांश सड़कों के निर्माण का कार्य वन भूमि के हस्तांतरण ना होने के कारण लंबित पड़ा है, जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
 
अल्मोड़ा के 90 से अधिक गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए दो साल पूर्व 75 सड़कों  के निर्माण का प्रस्ताव शासन में भेजा गया था, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी इन सड़कों को वन विभाग की स्वीकृति नहीं मिल सकी है। वन विभाग के पेंच के चलते इन गांवों तक आजादी के 75 साल बाद भी सड़क नहीं पहुंच सकी है। 

लोनिवि ने अब तक स्वीकृति के लिए इन सड़कों का प्रस्ताव कई बार वन विभाग के पास भेजा, लेकिन हर बार आपत्ति लगाकर ये फाइलें लौटा दी गई। जिस कारण सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में कई किमी का पैदल सफर करना पड़ रहा है। 

सड़क के अभाव में बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को ग्रामीण डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाते हैं, लेकिन इसके बाद भी सड़क निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो पा रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने कहा है कि अधिकांश सड़कों को प्रथम चरण की स्वीकृति मिल गई है, लेकिन वन भूमि हस्तांतरण ना होने के कारण सड़कों का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। 

यह भी पढ़ें- Almora News: नहरें खस्ताहाल होने से किसान सिंचाई से वंचित, आपदा व सड़क निर्माण से हुई क्षतिग्रस्त

संबंधित समाचार