बरेली: 50 हजार पर्यटक वाले स्थलों का होगा विकास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना से जिले के पर्यटन स्थलों के दिन बहुर सकते हैं। प्रतिवर्ष 50 हजार की संख्या में पहुंचने वाले पर्यटकों वाले स्थलों के बारे में सूची मांगी गई है। ऐसे स्थलों के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

शासन की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि ऐसे पर्यटक स्थलों के विकास पर विचार होगा, जहां पर हर साल 50 हजार की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। घरेलू, विदेशी पर्यटकों के आवागमन को देखते हुए संभावित राजस्व, रोजगार सृजन के आधार पर पर्यटन विकास के लिए चिन्हित किया जाएगा। योजना के तहत जिले के जनप्रतिनिधियों समेत अन्य के प्रस्तावों को डीएम की संस्तुति के बाद ही प्राप्त किया जा सकेगा।

क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह के अनुसार जिस जमीन को पर्यटन स्थल के रूप में लिया जाएगा, वह निजी न हो। ऐसी जमीन के लिए विभाग सरकारी धन का व्यय नहीं करेगा। विधानसभा क्षेत्र वार पर्यटन स्थल के लिए 15 दिन के अंदर प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।

जिले में ऐसा कोई स्थल नहीं है, जहां पर आने वाले पर्यटकों की पर्ची कटती हो, जिससे संख्या का आकलन हो सके। शहर के नाथ मंदिर, आला हजरत की दरगाह, रैन मंदिर समेत कई स्थल हैं, यहां पर प्रति वर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। ऐसे स्थलों के विकास पर विचार हो रहा है। -बृजपाल सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी

ये भी पढे़ं- बरेली: परिषदीय स्कूलों में ग्रेडिंग शुरू, दिसंबर तक निपुण बनाने का लक्ष्य

 

संबंधित समाचार