चित्रकूट: मिश्रा कांप्लेक्स के प्रथम तल पर लगी भीषण आग, आर्यावर्त बैंक शाखा में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
चित्रकूट/अमृत विचार। शहर के व्यस्ततम् इलाकों में से एक सिविल लाइंस स्थित मिश्रा कांप्लेक्स में रविवार देर शाम आग लग गई। आग कांप्लेक्स के प्रथम तल पर लगी और इसने आसपास के कमरों को अपने आगोश में ले लिया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। तीन मंजिले मिश्रा कांप्लेक्स में नीचे के तल पर जहां कई अखबारों के जिला कार्यालय हैं।
वहीं कंप्यूटर आदि की दुकानें हैं। यह भवन मानिकपुर निवासी कमलेश मिश्रा का है। प्रथम तल पर आर्यावर्त बैंक की स्थानीय शाखा है। रविवार देर शाम इसमें आग की लपटें उठीं तो लोगों में हड़कंप मच गया। ऊपर के ही तल पर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट भी है। रविवार होने की वजह से बैंक और इस्टीट्यूट में अवकाश था। ऐसे में माना जा रहा है कि बैंक के अंदर शार्ट सर्किट होने से आग लगी है। आग की लपटें फैंली तो नीचे के तल में भी लोग बाहर आ गए।
उधर, हाईवे पर भी भीड़ लग गई। इससे पुलिस को रूट डायवर्जन करना पड़ा। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अग्निशमन कर्मियों ने बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसकर आग बुझाई। शहर कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कहां कितना क्या नुकसान हुआ, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं हो सकी। बताया जाता है कि पूरे कांप्लेक्स में आग से बचाव के कोई साधन नहीं थे और न कोई व्यवस्था।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: दबंगों ने युवक पर किया चाकू से हमला, हसनगंज पुलिस ने पांच लोगों पर दर्ज की प्राथमिकी
