Farrukhabad: युवती की हत्या कर शव खेत में फेंका, एक दिन पहले दवा लेने निकली थी, प्रेम-प्रसंग की बात आ रही सामने
फर्रुखाबाद में युवती की हत्या कर शव खेत में फेंका।
फर्रुखाबाद में बदमाशों ने युवती की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मृतका एक दिन पहले दवा लेने निकली थी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। दवा लेने घर से गई युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके शव को मक्का के खेत में फेंक दिया गया। वहां से गुजरे ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो गांव में जानकारी दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई। शव देखने वालों की भीड़ लग गई। इसी भीड़ में पहुंची किशोरी ने शव बड़ी बहन के होने की शिनाख्त की। घटना की जानकारी पर एसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उसके परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। हत्या के खुलासे के लिए एसपी ने तीन टीमों का गठन कर दिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह गांव दुनाया और नगला विनायक जाने वाले रास्ते के पास अजय पाल के खेत में एक युवती का शव पड़ा हुआ था। वहां से गुजरे लोगों ने शव पड़ा देखकर खेत मालिक अजय पाल को जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे और शव को देखा, लेकिन वह उसको पहचान नहीं पाए। उन्होंने प्रधान राजवीर को जानकारी दी। खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। तभी भीड़ में खड़ी किशोरी अंजना ने शव को देखकर कहा कि यह शव उसकी बहन वंदना का है। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल करने लगे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार वहां पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। अंजना ने पूछताछ में बताया कि 18 वर्षीय बहन वंदना रविवार को सुबह दस बजे दवा लेने घर से गई थी। शाम तक वह लौट कर घर नहीं आई।
पिता सुरेंद्र कुमार चलने में असमर्थ है, परिवार के अन्य लोग उसकी तलाश करते रहे, लेकिन बहन का पता नहीं चला। रविवार सुबह शव मिलने की जानकारी हुई तो वह भी वहां पहुंच गई। शव देखा तो वह उसकी बहन वंदना का था। बहन से मिलने शहर कोतवाली क्षेत्र के सेंट्रल जेल के पास एक गांव का रहने वाला युवक अक्सर मिलने आता था। बहन का उसके साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अंजना ने बताया कि जब बहन नहीं मिली थी, तो उसी युवक से पूछा था, उसने कहा कि मिल जाएगी, लेकिन इस संबंध में पुलिस को जानकारी नहीं दी।
पुलिस भी प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या किए जाने की आशंका मान रही है। इसी आशंका पर पुलिस जांच कर रही है। बहन अंजना का कहना है कि वह चार बहन और दो भाई हैं। बहन वंदना तीसरे नंबर की थी। मां रामवेदी, पिता सुरेंद्र कुमार व भाई-बहनों का रो-रो कर बुराहाल हो रहा है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि युवती का शव मिलने की जानकारी पर उन्होंने मौके का निरीक्षण किया। परिजनों से पूछताछ की गई। परिजनों ने जो आरोप लगाए व जानकारी दी है, उन्ही आधार पर जांच की जा रही है। जांच के लिए तीन टीम कों गठन किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम से युवती की हत्या की गुत्थी उलझी
खेत में युवती का शव मिलने पर पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के डाक्टर की माने तो युवती की हत्या करीब 36 घंटे पहले हुई हैं। गला दबा कर युवतीकी हत्या करने के बाद उसके शव को फेंका गया है। हत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी हुई है। जिस कारण उसके शरीर पर करीब चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम में 36 घंटे पहले मौत होने की बात कहीं जा रही है, वहीं युवती की बहन अंजना रविवार सुबह दस बजे बहन वंदना के घर से दवा लेने की जाने की बात कह रही है। इन दोनों में में भिन्नता है। युवती के बहन के बयान और पोस्टमार्टम डाक्टर के बताने से युवती की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। इस कारण पुलिस अन्य बिंदुओं को लेकर भी जांच कर रही है।
