हल्द्वानी: 21 से 23 तक एमआईईटी में होगा विज्ञान रियलिटी शो

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

चयनित युवा वैज्ञानिक 10 दिन तक रहेंगे विज्ञान घर में 

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमआईईटी कुमाऊं लामाचौड़ में 21 से 23 जून तक विज्ञान आधारित रियलिटि शो 'विज्ञान घर' सीजन 3 का आयोजन किया जाएगा। 21 जून को मड  थेरपी और पृथ्वी की परिधि मापने का रियल प्रयोग, 22 व 23 जून को नेचर वॉक और देवस्थली आर्यभट खगोल वेधशाला का भ्रमण होगा।

प्रगति विज्ञान संस्था एवं एनएएस कॉलेज मेरठ के खगोल वैज्ञानिक दीपक शर्मा ने बताया कि यह दुनिया का पहला विज्ञान आधारित रियलिटी शो है। हल्द्वानी के एमआईईटी कॉलेज में 3 दिन तक चलेगा। विज्ञान घर सीजन तीन में पुरानी भारतीय वैज्ञानिक संस्कृति परंपरा के साथ आधुनिक विज्ञान का सामंजस्य होगा। उन्होंने बताया कि 24 जून को इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में समापन व विजेता घोषित किया जाएगा। चयनित 20 युवा वैाज्ञानिक 10 दिन के लिए इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में बने विज्ञान घर में रहेंगे।

इस दौरान बाहरी दुनिया से इनका किसी प्रकार का संवाद नही होगा। विज्ञान युवा हर रोज कोई न कोई विज्ञान प्रयोग या देश दुनिया की समस्याओं पर विज्ञान की मदद से समाधान ढूंढने की कोशिश करेंगे। विज्ञान पुत्रों की घोषणा प्रतिदिन की जाएगी और आखिरी दिन में फाइनल विजेता के नाम की घोषणा की जाएगी।

विज्ञान घर में रियल शोध करने वाले वैज्ञानिक भी शामिल रहेंगे। बताया कि विज्ञान घर जून 2015 में शुरू किया गया था। यह तीसरा विज्ञान घर बनाया जा रहा है। समिति की ओर से विज्ञान घर के सभी सदस्यों का चयन कर लिया गया है। इधर एमआईटी कुमाऊं के कार्यकारी प्रबंध निदेशक तरुण सक्सेना ने बताया कि कॉलेज में विज्ञान का रियलिटी शो आयोजित कराने की तैयारी चल रही है।