हल्द्वानी: पुलिस ने धमकाया, महिला ने गटक लिया मिट्टी का तेल
हल्द्वानी, अमृत विचार। पड़ोसी से चल रहे विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उसके पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी दे दी। इस धमकी से महिला इतना घबरा गई कि उसने मिट्टी का तेल गटक लिया। महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दमुवाढूंगा चौफुला चौराहा कालिका मंदिर के पास रहने वाले बृजेश शर्मा पीओपी का काम करते हैं। घर में पत्नी पिंकी व दो बच्चे हैं। पिंकी एक निजी अस्पताल में वार्ड आया का काम करती है। बृजेश के पड़ोस में एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता है। दोनों ही परिवारों को आपस में नहीं बनती।
कूड़ा फेंकने को लेकर पिछले कई दिनों से दोनों परिवारों में विवाद हो रहा था। बृजेश का आरोप है कि सोमवार शाम पड़ोसी ने गली में चारपाई बिछा दी। वह पत्नी से साथ बाइक पर निकले तो चारपाई से टकरा गए। उन्होंने चारपाई को किनारे खड़ा कर दिया और इसी पर विवाद हो गया। पड़ोसी ने 112 डायल कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने आने की खबर लगी तो बृजेश मौके से गायब हो गया।
आरोप है कि घर में मिली पिंकी से पुलिस ने बृजेश को हाजिर करने के लिए कहा। साथ ही धमकाया कि अगर बृजेश को हाजिर नहीं किया तो वह उसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लेंगे। इस धमकी से डर कर उसने घर में रखा मिट्टी का तेल गटक लिया। अभी पुलिस महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रही थी, लेकिन तभी मौके पर पहुंची एंबुलेंस उसे लेकर एसटीएच पहुंची। बृजेश का कहना है कि पिंकी की हालत नाजुक है और वह किसी को पहचान नहीं पा रही। एसएसपी पंकज भट्ट का कहना है कि पड़ोसी से विवाद के बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाया है। महिला की हालत ठीक बताई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।
