पहली बार अपना स्थापना दिवस मनाएगा बरेली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार। जिले की ऐतिहासिक, कला और सांस्कृतिक विरासत को लोगों के दिलों में जिंदा रखने के लिए पर्यटन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। योगी सरकार के आदेश पर पहली बार नाथ नगरी में बरेली का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। स्थापना दिवस की तारीख तलाशने के लिए विभाग गजेटियर का सहारा ले रहा है।

यहां सात नाथ मंदिर, रामनगर में अहिच्छत्र किला, जैनमंदिर समेत कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासतें हैं। युवा पीढ़ी भी इससे वाकिफ हो। इसके लिए बरेली में स्थापना दिवस मनाने का कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। इसके लिए क्षेत्रीय पर्यटन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। अन्य जनपदों में भी ऐतिहासिक धरोहरों को जिंदा रखने के लिए स्थापना दिवस मनाया जाएगा।

तारीख नहीं मिली तो मेला महोत्सव होगा
जानकारों की माने तो गजेटियर में स्थापना दिवस की तारीख पता चलने पर हर वर्ष उसी तारीख पर कार्यक्रम होगा। इसकी जानकारी नहीं होने पर भी साल में मेला महोत्सव की तरह कार्यक्रम होगा। इसके लिए डीएम के माध्यम से प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही जा रही है।

आज की बैठक में बनेगी रणनीति
इस कार्यक्रम को लेकर बुधवार शाम कलेक्ट्रेट में पर्यटन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक होगी, इसमें डीएम शिवाकांत द्विवेदी भी मौजूद रहेंगे। इसमें कार्यक्रम की रणनीति बनाई जाएगी।

बरेली में पहली बार स्थापना दिवस मनाने की तैयारी चल रही है। 14 जून की शाम को एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, इसमें अहम निर्णय होंगे। गजेटियर में स्थापना दिवस की तारीख का पता चलने पर स्थापना दिवस मनेगा, नहीं पता चलने पर महोत्सव होगा, जिसमें प्रदर्शनी लगाकर जिले की सांस्कृतिक, कला और ऐतिहासिक विरासतों को जीवंत करने की कोशिश होगी। महोत्सव 1, 3 या फिर सात दिवसीय हो सकते हैं। लोगों की सहूलियत के हिसाब से समय को चुना जाएगा। इससे रोजगार भी लोगों को मिलेगा।-मनीष सिंह, पर्यटन सूचना अधिकारी

ये भी पढे़ं- बरेली: थाना प्रभारी समेत कई लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने वाली महिला समेत तीन पर रिपोर्ट

 

संबंधित समाचार