काशीपुर: पुरोला से पलायन और हरिद्वार में हत्या का विरोध
काशीपुर, अमृत विचार। पुरोला से लोगों के पलायन व हरिद्वार के एक गांव में दलित समाज के व्यक्ति की हत्या का विरोध कर बसपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसीलदार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिला अध्यक्ष लेखराज गौतम के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ता तहसील पहुंचे, जहां तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के पुरोला गांव में कुछ विशेष धर्म के व्यापारी और दुकानदारों को प्रताड़ित किया जा रहा। उनको शहर से जाने के लिए विवश किया जा रहा। साथ ही हरिद्वार के गांव में दलित समाज के एक व्यक्ति की निर्मम हत्या की गई है, जिसका बसपा विरोध करती है।
उत्तराखंड देवभूमि है और यहां सभी धर्मों के लोग रहते हैं। धर्म के नाम पर बांटकर जो घटनाएं घटित हो रही हैं। उन्हें रोका जाए और ऐसा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला प्रभारी खूब सिंह, महानगर अध्यक्ष एमए राहुल, हसीन खान, इकबाल अहमद, कृष्ण कुमार गौतम, यूनुस सैफी आदि मौजूद रहे।
