बाजपुर: दो कारों की भिड़ंत में आठ घायल, सभी रेफर
बाजपुर, अमृत विचार। नैनीताल-बाजपुर मुख्यमार्ग पर ग्राम भट्टपुरी के सामने दो कारों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बच्चों व महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल हरियाणा के पर्यटक और हल्द्वानी के हैं।
हादसा बुधवार की सायं 4:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन एक-दूसरे को क्रास करते वक्त भिड़ गए। घायलों में पल्लव हरियाणा निवासी चंद्रशेखर (40) पुत्र राजाराम, राजेश (28) पत्नी चंद्रशेखर, अरब (6) पुत्र चंद्रशेखर, प्रत्यूष (7) पुत्र विक्रम, नसीमा उर्फ नीशू (37) पत्नी विक्रम तथा दूसरी कार में सवार हल्द्वानी निवासी प्रिया (34) पत्नी धीरज सैनी, यश (7) व रक्षक (5) पुत्र धीरज सैनी घायल हो गए। घटना के बाद दौड़कर पहुंचे ग्रामीणों व राहगीरों ने घायलों को कार के शीशे तोड़कर बाहर निकाला।
जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर जबरदस्त थी। दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया है कि हरियाणा के पर्यटक नैनीताल घूमकर वापस लौट रहे थे, जबकि हल्द्वानी का परिवार कहीं से आ रहा था। हादसे के बाद दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करवाया।
