Kanpur: महा जनसंपर्क अभियान को लेकर जैना पैलेस ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा, BJP के कई बड़े चेहरे होंगे शामिल
कानपुर में महा जनसंपर्क अभियान को लेकर 19 को जैना पैलेस ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा।
कानपुर में महा जनसंपर्क अभियान को लेकर 19 को जैना पैलेस ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा। 19 की जनसभा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सहित भाजपा के कई बड़े चेहरे शामिल होंगे।
कानपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के सफलतम 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महा जनसंपर्क अभियान के तहत 19 जून को 3 बजे से रतनलाल नगर स्थित जैन पैलेस ग्राउंड में विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
ये जानकारी आज ग्राउंड पर चल रही तैयारी को लेकर जनसभा स्थल पर नारियल फोड़कर भूमि पूजन करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कानपुर लोकसभा सांसद सत्यदेव पचौरी ने कही। उन्होंने बताया कि 19 को होने वाली विशाल जनसभा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह के साथ गुजरात सांसद और प्रदेश के महामंत्री विनोद चावड़ा के साथ उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को बुलाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही अगर अति व्यस्तता के कारण उनका समय न मिला तो यूपी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आने की पूरी उम्मीद है।
उन्होंने जनसभा स्थल पर कार्यकर्ताओं द्वारा भारी संख्या में भीड़ जुटाने के लिए दोनो जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और लोकसभा अंतर्गत 5 विधायको को जिम्मेदारी सौंपी है। सांसद ने बताया की आसपास और दूरदराज रहने वाले लोगों को जनसभा में लाने के लिए यातायात के सुलभ सहज साधन व्यवस्था के लिए बसे और ई रिक्शे की व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
साथ ही सांसद पचौरी ने बताया कि चिलचिलाती धूप में होने वाली जनसभा में जनमानस की सुरक्षा और स्वास्थ को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कमिश्नर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्थल निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।
