हल्द्वानी: अल्पसंख्यक दुकानदारों को सुरक्षा दे पुलिस, दोषी पर करे कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा प्रदेश प्रभारी ने एसएसपी को संबोधित ज्ञापन एसपी सिटी को सौंपा

घृणित कार्य करने वाले की निंदा के साथ उस पर कार्यवाही की भी मांग की

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी में हुई घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने एसएसपी को संबोधित ज्ञापन शनिवार को एसपी सिटी को सौंपा। उन्होंने घृणित कार्य करने वाले और उसके बाद उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई व समुदाय विशेष के लोगों की सुरक्षा की मांग की है। 

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश प्रभारी ने कहा, उक्त घटना की जितनी भी निंदा की जाये कम है। घृणित कार्य करने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिये। कुछ शरारती तत्व उक्त घटना को लेकर पुरौला की तर्ज पर एक विशेष समुदाय को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्यवाही होनी चाहिये। यहां पुरौला जैसी घटना को किसी भी समुदाय के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने उक्त क्षेत्र में कार्य कर रहे अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस दौरान जावेद सिद्दीक़ी, अरशद अय्यूब, पार्षद रईस अहमद (गुड्डू), इस्लाम मिकरानी, रेहान अहमद, नासिर हुसैन, अब्दुल हसीब, जैद शफीक, जावेद मिकरानी, मजहर अहमद, उमैर मतीन, मारुफ अंसारी, शाकिर हुसैन, अनवर क़ुरैशी, जमील मिकरानी, अलीम अंसारी, सलीम सैफी, वकील अहमद आदि थे।


अल्पसंख्यकों के लिए एकजुट हुईं तीनों कम्युनिस्ट पार्टियां

राज्य की तीनों कम्युनिस्ट पार्टियों भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) ने संयुक्त बैठक कर सांप्रदायिक उन्माद पैदा करने और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से घर-दुकान खाली कराने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

बैठक में कहा गया, हल्द्वानी समेत पूरे राज्य में ऐसे मामलों में हो रही वृद्धि चिंता का विषय है। भाकपा माले के नैनीताल जिला सचिव डा. कैलाश पाण्डेय ने बताया कि सभी कम्युनिस्ट पार्टियों इस मुद्दे और राज्य के विभिन्न सवालों पर एकताबद्ध तरीके से अभियान चलाएंगी। 18 जून को वामपंथी पार्टियों का वेबिनार होगा और 20 जून को सभी जिला मुख्यालयों व राज्य के प्रमुख केंद्रों पर वामपंथी पार्टियां संयुक्त प्रदर्शन करेंगे। 

 

संबंधित समाचार