हल्द्वानी: कमलुवागांजा क्षेत्र में चौथे दिन भी नहीं खुलीं समुदाय विशेष के लोगों की दुकानें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाय के साथ हुए अमर्यादित कृत्य के बाद शनिवार को भी लामाचौड़ क्षेत्र में तैनात रहा भारी पुलिस बल

नाराज लोगों ने गुरुवार को कमलुवागांजा क्षेत्र में जबरन बंद कराईं थीं दुकानें शनिवार को नहीं हुआ किसी तरह का हंगामा, लेकिन तनाव बरकरार

हल्द्वानी, अमृत विचार। गाय से अमर्यादित कृत्य के बाद मुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलुवागांजा क्षेत्र में दो बार हंगामा हुआ। तोड़फोड़ की गई और समुदाय विशेष के लोगों को जबरन दुकानों से भगाया गया।

शनिवार को क्षेत्र में माहौल शांत रहा। लेकिन घटना के चार दिन बाद भी खौफजदा समुदाय विशेष के लोगों ने अपनी दुकानें नहीं खोलीं। इधर, तनाव को देखते हुए कमलुवागांजा व लामाचौड़ क्षेत्र में शनिवार को भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। 

बता दें कि मूलरूप से बालक-बालिका स्कूल बस्ती स्वार रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी हाफिज (25) पुत्र रफीक पेशे से बढ़ई है और बरेली रोड उत्तर उजाला में रहता है। आरोप है कि बीते बुधवार को हाफिज ने बच्चीनगर एक में गाय के साथ अमर्यादित कृत्य किया और यह सब होते गाय के मालिक ने देख लिया था।

शोर मचाने पर भागे हाफिज को लोगों ने पकड़ लिया गया। उसे गंजा किया गया, उसका मुंह काला कर बाजार में घुमाया गया। इस मामले में मुखानी पुलिस ने हाफिज के खिलाफ धारा 377 और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। 

इस घटना के बाद लोग इलाके में दुकान चलाने वाले समुदाय विशेष के लोगों के खिलाफ हो गए। हिंदूवादी संगठनों के लोग और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे साथियों के साथ सड़क पर उतर आए। घूम-घूम कर कमलुवागांजा क्षेत्र में दुकानें बंद कराई गईं।

इसका असर गुरुवार को भी देखने को मिला, लेकिन शुक्रवार को तमाम लोगों ने दुकानें खोल दीं। जिससे लोग फिर भड़क गए और सड़क पर उतर आए। इस दौरान लोगों ने समुदाय विशेष के लोगों की दुकानें जबरन बंद कराने के साथ ही कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की। इस दौरान भारी पुलिस बल ने मामले को बिगड़ने से बचाया। 

शांति इस शर्त पर हुई कि एक काम्प्लेक्स को 15 दिन के भीतर समुदाय विशेष से मुक्त कराया जाएगा और तब तक दुकानें बंद रहेंगी। शुक्रवार को हुई इस घटना का असर शनिवार को देखने को मिला। समुदाय विशेष के लोगों ने दुकानें नहीं खोलीं।

इधर, सुबह ही कमलुवागांजा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि माहौल फिर से न बिगड़ने पाए। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और हालात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है। 


लामाचौड़ में हर दुकानदार अब हिंदू होगा

भाजयुमो प्रदेश मंत्री विपिन पांडे का कहना है कि समुदाय विशेष के लोगों को दुकानें किराए पर नहीं दी जाएंगी और वह इसके लिए लोगों से अपील भी कर रहे हैं। जो दुकानें खाली हुई हैं, उन दुकानों में हिंदू दुकानदार बैठाए जाएंगे। फिर वह बारबर हो या फिर कारपेंटर। 


लामाचौड़ चौराहे पर किया हनुमान चालीसा पाठ

भाजयुमो प्रदेश मंत्री विपिन पांडे के नेतृत्व में शुक्रवार को आनंदम बैंक्वेट हॉल में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया था और शनिवार को लोगों ने लामाचौड़ चौराहे के किनारे हनुमान चालीसा का पाठ किया। तय किया गया है कि अब हर मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।

 

  

 

संबंधित समाचार