Weather News: मॉनसून के आगमन से पहले होगी बारिश, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड के 5 जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून का आगमन से पहले पहाड़ी इलाकों में बारिश होगी जो गर्मी से राहत दिलाएगी। पहाड़ी इलाकों में हल्की हवा चलने के साथ मौसम सुहावना रहेगा। मौसाम विभाग के अनुसार 22 जून कुछ क्षेत्रों में हल्की से तेज बौछारें और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून पांच दिन की देरी से 25 जून को उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। इससे पहले 21 और 22 जून को प्री मानसून की अच्छी बारिश होगी। हालांकि, इससे पहले भी पर्वतीय जिलों में बारिश और झोंकेदार हवाएं चलेंगी।
इससे मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, 19 जून को हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा बिजली चमकने के साथ 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
चक्रवाती तूफान बिपरजोय का उत्तराखंड में असर देखने को नहीं मिलेगी। हालांकि, राजस्थान के बाद तूफान की गति पर कमी आने के बाद उत्तराखंड में प्री-मानसून की बारिश के आंकड़े ज्यादा दर्ज किए जा सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, बिपरजोय का कोई खास असर प्रदेश में देखने को नहीं मिलेगा।
