रामनगर: लकड़ी तस्करों का वन कर्मियों पर हमला, ठेकेदार की कार तोड़ी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक कर्मचारी घायल, माफिया लकड़ी से भरी ट्रैक्टर साथ ले गया, पांच लाख रुपये लूटने का भी आरोप 

कर्मचारियों पर हमला करने आए लकड़ी तस्कर की बंदूक को वन कर्मियों ने छीन कर पुलिस को सौंपा 

रामनगर, अमृत विचार। वन विभाग की लाख कोशिशों के बाद भी ज्वाला वन क्षेत्र में वन माफिया वन कर्मियों पर भारी पड़ रहा है। अब लकड़ी तस्कर भी वन कर्मियों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। वह खुलेआम जंगलों से पेड़ काटकर ले जा रहे हैं।

रोकने पर तस्कर वन कर्मचारियों को अपना निशाना भी बना रहे हैं। रविवार की रात ऐसा ही एक मामला तराई पश्चिमी वन प्रभाग की ज्वाला वन बीट क्षेत्र का सामने आया, जहां लकड़ी तस्करों ने वन निगम कर्मचारियों के अलावा निगम ठेकेदार के साथ एवं तराई पश्चिमी वन विभाग के बीट वाचर के साथ मारपीट की।

इतना ही नहीं निगम के ठेकेदार अतीक पुत्र कल्लू खां ने ग्राम डियूडी नानकमत्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने रात में उसकी कार में तोड़फोड़ करने के साथ पांच लाख रुपये भी लूट लिए। आरोप है कि लकड़ी तस्कर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लूट कर ले गए। 

इस दौरान वन विभाग कर्मचारियों पर हमला करने आए एक लकड़ी तस्कर की बंदूक को वन कर्मियों ने छीन कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के संबंध में तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि क्षेत्र में शनिवार को भी इसी प्रकार की घटना सामने आई।

वन कर्मचारी कटी लकड़ी को लेने वाहनों से जा रहे थे तो तस्करों ने उनके रास्ते में कीलें लगा दी थीं, जिससे कई वाहनों में पंचर हो गया। रविवार की रात फिर से लकड़ी तस्करों ने वन कर्मचारियों पर हमला बोल दिया, जिसमें विभाग का एक कर्मचारी चोटिल हुआ है। जिस की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में भी पुलिस को दो अलग-अलग तहरीर सौंपी गई थीं। डीएफओ ने बताया कि वन विभाग ने तो इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है लेकिन निगम की ओर से अभी तक आरोपियों के खिलाफ ना तो कोई तहरीर दी है और ना ही कोई कार्रवाई की गई है, जिससे मामला पेंचीदा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में निगम के उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराने के साथ ही जांच कराई जाएगी। 

 

संबंधित समाचार